पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ईरान पहुंचे। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य तेहरान और वॉशिंगटन के बीच रुकी हुई शांति वार्ताओं को फिर से शुरू कराने में मदद करना है।
ईरान के आंतरिक मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने तेहरान में नकवी का स्वागत किया। यह दौरा पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की हालिया ईरान यात्रा के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिससे क्षेत्र में इस्लामाबाद की बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता उजागर हुई है।
ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने बताया कि पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच नाजुक युद्धविराम के बाद तनाव कम करने और संवाद को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रखे हुए है।
ट्रंप की रहस्यमयी पोस्ट से बढ़ी अटकलें
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट से जुड़े बढ़ते तनाव के बीच ट्रुथ सोशल पर एक रहस्यमयी संदेश पोस्ट किया।
ट्रंप ने लिखा, “यह तूफान से पहले की शांति थी।”
पोस्ट में AI से तैयार की गई एक तस्वीर भी शामिल थी, जिसमें ट्रंप अमेरिकी नौसेना के जहाज पर “Make America Great Again” कैप पहने एक नौसैनिक अधिकारी के साथ दिखाई दे रहे थे। तस्वीर में समुद्र में तूफानी माहौल, बिजली और पृष्ठभूमि में ईरानी जहाज नजर आ रहे थे, जिससे क्षेत्र में संभावित सैन्य तनाव बढ़ने की अटकलें तेज हो गईं।
यह पोस्ट उस समय सामने आई जब रिपोर्ट्स में कहा गया कि ट्रंप प्रशासन संघर्ष में अस्थायी विराम के बाद ईरान के खिलाफ नए सैन्य कदमों पर विचार कर रहा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान ने ढील दी
उधर, ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल शिपिंग मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रतिबंधों में ढील देना शुरू कर दिया है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने बताया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसैनिक शाखा अब अधिक जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दे रही है।
28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने और अमेरिका-इजरायल सैन्य हमलों के बाद तेहरान ने इस जलडमरूमध्य पर नियंत्रण कड़ा कर दिया था। इसके तुरंत बाद रिपोर्ट्स आईं कि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर प्रतिबंध लगाकर दबाव बढ़ा दिया है।
बंदर अब्बास से रिपोर्टिंग कर रहे सरकारी टीवी संवाददाता ने कहा कि कई देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए ईरान और IRGC द्वारा लागू किए गए “नए कानूनी प्रोटोकॉल” स्वीकार कर लिए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, पिछले दिन 30 से अधिक जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई।
ईरान को लेकर अमेरिका के अगले कदमों पर मंथन
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप बीजिंग से लौटने के बाद ईरान को लेकर बड़े फैसलों का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि यदि कूटनीतिक वार्ता विफल होती है तो संभावित नए हमलों के लिए वरिष्ठ सलाहकार वैकल्पिक योजनाएं तैयार कर रहे हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अमेरिका और उसके सहयोगी एक समझौता तैयार करने पर चर्चा कर रहे हैं, जिससे ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोल दे और ट्रंप इसे कूटनीतिक सफलता के रूप में पेश कर सकें।
ईरान बोला- दुनिया नए वैश्विक व्यवस्था की ओर बढ़ रही
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि दुनिया वैश्विक राजनीति में “नई व्यवस्था” की ओर बढ़ रही है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके भू-राजनीतिक बदलाव के दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए गालिबाफ ने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल के दबाव के खिलाफ ईरान के प्रतिरोध ने पश्चिमी प्रभाव के पतन को तेज कर दिया है।
उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान का “70 दिनों का प्रतिरोध” वैश्विक शक्ति संतुलन को बदलने में महत्वपूर्ण कारक बन गया है और भविष्य ग्लोबल साउथ के देशों का होगा।
