JUSZnews

NEWS WITHOUT INTERRUPTION

Subscribe
कनाडाई नागरिकों ने बढ़ते राजनयिक तनाव के बीच अमेरिकी राजदूत पीट होएक्स्ट्रा को हटाने की मांग की
2.80 लाख से अधिक कनाडाई नागरिकों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार से अमेरिकी राजदूत पीट होएक्स्ट्रा को पद से हटाने की मांग की है। राजदूत पर विवादित बयान देने और कनाडा के घरेलू मामलों में कथित हस्तक्षेप करने का आरोप है।
कनाडा के 2.80 लाख से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर वाली एक याचिका में संघीय सरकार से अमेरिका के कनाडा में राजदूत पीट होएक्स्ट्रा को पद से हटाने की मांग की गई है। इस याचिका को गुरुवार को औपचारिक रूप से कनाडा की संसद के निचले सदन (हाउस ऑफ कॉमन्स) में पेश किया गया। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच बढ़ते तनाव का संकेत मिलता है।कनाडा की ग्रीन पार्टी की सांसद एलिजाबेथ मे ने जुलाई 2026 में सबसे पहले इस याचिका को पेश किया था। कैलगरी की एक महिला ने इस अभियान को प्रायोजित किया है। इसमें प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार से होएक्स्ट्रा को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' (अवांछित राजनयिक) घोषित करने की मांग की गई है। याचिका में अमेरिकी राजदूत पर 'कनाडा के घरेलू मामलों में राजनयिक हस्तक्षेप' करने का आरोप लगाया गया है। संसद में याचिका पेश करते हुए एलिजाबेथ मे ने होएक्स्ट्रा के व्यवहार और कनाडा को लेकर उनकी टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की। पॉलिटिको के अनुसार, मे ने कहा, "उन्होंने बार-बार कनाडाई नागरिकों के साथ अपमानजनक और अभद्र व्यवहार किया है।" उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रतिनिधि को कनाडा के इतिहास का 'सबसे गैर-कूटनीतिक राजनयिक' भी बताया। याचिका में कहा गया है कि होएक्स्ट्रा ने कनाडा के राजनीतिक मामलों पर बार-बार टिप्पणियां करके ओटावा और वॉशिंगटन के बीच राजनयिक संबंधों को नुकसान पहुंचाया है। याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले लोगों का मानना है कि उनकी टिप्पणियां स्थापित राजनयिक परंपराओं का उल्लंघन करती हैं। शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की कि वह इस याचिका से अवगत है।

कनाडाई नागरिक पीट होएक्स्ट्रा को पद से हटाने की मांग क्यों कर रहे हैं?

होएक्स्ट्रा कनाडा में एक विवादित व्यक्ति बन गए हैं। इसकी प्रमुख वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उन बार-बार की गई टिप्पणियों पर उनकी प्रतिक्रिया है, जिनमें ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की इच्छा जताई थी। पिछले साल मिशिगन के एक रेडियो स्टेशन से बातचीत के दौरान होएक्स्ट्रा ने ट्रंप की टिप्पणियों को 'स्नेह का संकेत' बताया था। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि कनाडाई नागरिक उस बात से नाराज क्यों हो रहे हैं, जिसे उन्होंने एक 'उदार प्रस्ताव' करार दिया था। उनकी इन टिप्पणियों की पूरे कनाडा में आलोचना हुई थी। दरअसल, ट्रंप की ओर से कनाडा को अमेरिका में मिलाने संबंधी बयानों ने देश में व्यापक चिंता पैदा कर दी है।

होएक्स्ट्रा ने कनाडा के 2025 के चुनाव को बताया था 'अमेरिका विरोधी'

अमेरिकी राजदूत को कनाडा के 2025 के संघीय चुनाव को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी ने शानदार वापसी करते हुए बड़ी जीत हासिल की थी। होएक्स्ट्रा ने चुनाव के नतीजों को 'अमेरिका विरोधी' बताया था। इससे कनाडा के घरेलू राजनीतिक मामलों में उनके हस्तक्षेप को लेकर चिंताएं और बढ़ गई थीं। बाद में उन्होंने संकेत दिया था कि यदि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी का प्रदर्शन खराब रहता है, तो इसके लिए कनाडा को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। जब पत्रकारों ने प्रधानमंत्री कार्नी से अमेरिकी राजदूत की टिप्पणियों के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने सावधानीपूर्वक प्रतिक्रिया दी। कार्नी ने कहा, "बात को देखने का यह एक दिलचस्प तरीका है।"

अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापार युद्ध से बढ़ा राजनयिक तनाव

होएक्स्ट्रा की टिप्पणियों को लेकर उठा विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच आर्थिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। नवंबर के चुनावों में डेमोक्रेट्स ने कई बड़ी जीत हासिल कीं। इनमें मिशिगन और मेन जैसे सीमावर्ती राज्यों में सीनेट की महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल थीं। इन राज्यों पर वॉशिंगटन और ओटावा के बीच चल रहे कड़े टैरिफ विवाद का असर पड़ा है। पिछले महीने कार्नी ने चेतावनी दी थी कि अमेरिकी टैरिफ सीमा के दोनों ओर रहने वाले परिवारों और कारोबारियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अमेरिका को कनाडा का ऑटोमोबाइल निर्यात 10 प्रतिशत घट गया है, जबकि कनाडा को अमेरिकी निर्यात में 20 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। कार्नी ने कहा, "अमेरिकी टैरिफ ने दशकों से चले आ रहे व्यापार समझौते को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इनसे अमेरिकी परिवारों की लागत बढ़ी है, जबकि ओंटारियो के कामगारों और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे अनिश्चितता के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।"

कार्नी ने राजनीतिक हस्तक्षेप के होएक्स्ट्रा के आरोपों को किया खारिज

होएक्स्ट्रा ने कनाडा पर अमेरिकी चुनाव में संभावित 'राजनीतिक हस्तक्षेप' करने का आरोप भी लगाया है। प्रधानमंत्री कार्नी ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इसमें 'कोई दम नहीं है'। तुर्किये में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कनाडाई प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राजदूत के रवैये पर निराशा जताई और सवाल उठाया कि उन्होंने इस तरह के आरोप लगाने का फैसला क्यों किया। कार्नी ने कहा, "मुझे निराशा है कि उनके राजदूत अपनी भूमिका को इस तरह के सुझाव देने के रूप में देखते हैं।" होएक्स्ट्रा को पद से हटाने की मांग वाली इस याचिका ने दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनयिक विवाद को एक नया आयाम दे दिया है। 2.80 लाख से अधिक हस्ताक्षरों वाली यह याचिका अमेरिकी राजदूत की टिप्पणियों के खिलाफ बढ़ते जनविरोध और कनाडा-अमेरिका संबंधों के भविष्य को लेकर लोगों की चिंताओं को दर्शाती है।