JUSZnews

NEWS WITHOUT INTERRUPTION

Subscribe
APEC शिखर सम्मेलन में ट्रंप ने वैश्विक शांति के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराई, शी जिनपिंग और पुतिन के साथ ऐतिहासिक बैठक पर नजर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने APEC शिखर सम्मेलन 2026 में वैश्विक शांति, ऊर्जा साझेदारी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में नवाचार को लेकर अमेरिका की प्रतिबद्धता दोहराई। यह बयान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली ऐतिहासिक बैठक से पहले दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को वैश्विक शांति और स्थिरता के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक विकास, शांतिपूर्ण प्रगति और मजबूत साझेदारी को बढ़ावा देना जारी रखेगा।चीन के शेनझेन में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। ट्रंप ने कहा, "हम पूरी दुनिया में स्थिरता और शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

ट्रंप ने अमेरिका के ऊर्जा वर्चस्व और अलास्का LNG पाइपलाइन का किया जिक्र

ट्रंप ने दुनिया के प्रमुख ऊर्जा आपूर्तिकर्ता देशों में अमेरिका की स्थिति को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन ऊर्जा साझेदारी बढ़ाने के लिए कई देशों के साथ काम कर रहा है, खासकर एशिया में। ट्रंप ने कहा, "मेरे नेतृत्व में अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा ऊर्जा आपूर्तिकर्ता भी है और मेरा प्रशासन यहां मौजूद कई देशों के साथ ऊर्जा साझेदारी का विस्तार करने के लिए काम कर रहा है। हमने हाल ही में अलास्का में एक विशाल तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) पाइपलाइन को मंजूरी दी है, जिसके जरिए बड़ी मात्रा में सस्ती अमेरिकी प्राकृतिक गैस एशिया को निर्यात की जाएगी। यह दुनिया की सबसे बड़ी पाइपलाइन है।" इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति ने वेनेजुएला में अमेरिका की बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों, विशेष रूप से तेल उद्योग, पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका की बड़ी तेल कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए वेनेजुएला में प्रवेश कर रही हैं। ट्रंप ने कहा, "वेनेजुएला में हम बहुत अच्छा कारोबार कर रहे हैं। अमेरिका की बड़ी तेल कंपनियां वहां पहुंच रही हैं। हम वेनेजुएला में शानदार कारोबार कर रहे हैं। अमेरिका न केवल इस क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि स्थिरता और शांति के लिए भी प्रतिबद्ध है।"

ट्रंप का दावा- अमेरिका ने कंबोडिया और थाईलैंड के बीच शांति कराई

ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय विवादों को सुलझाने के लिए अपने प्रशासन के कूटनीतिक प्रयासों का भी उल्लेख किया। विशेष रूप से उन्होंने कंबोडिया और थाईलैंड के बीच तनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिका ने दोनों देशों के बीच "शांति स्थापित कराने में मध्यस्थता की।" इस दौरान उन्होंने दोहराया कि अमेरिका आर्थिक विकास, राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय सुरक्षा का समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने प्रशांत क्षेत्र के देशों के बीच शांतिपूर्ण सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया।

ट्रंप बोले- अमेरिकी अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही, महंगाई 2% से नीचे

घरेलू मुद्दों पर बात करते हुए ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत विकास कर रही है और महंगाई दर घटकर 2 प्रतिशत से नीचे आ गई है। ट्रंप ने कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज अमेरिका पहले से कहीं अधिक समृद्ध और मजबूत स्थिति में है!"

AI पर सख्त नियम नवाचार को रोक सकते हैं: ट्रंप

आर्थिक और कूटनीतिक मुद्दों के अलावा ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से हो रहे विकास पर भी चर्चा की। उन्होंने ऐसे सख्त नियम लागू करने के खिलाफ चेतावनी दी, जो तकनीकी प्रगति को सीमित कर सकते हैं और नवाचार की रफ्तार धीमी कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन ऐसे नियमों का समर्थन नहीं करेगा, जो कंपनियों को AI तकनीक विकसित करने से रोकें या वैश्विक AI प्रतिस्पर्धा में अमेरिका की स्थिति कमजोर करें। हालांकि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बड़े पैमाने पर लाभकारी बताया, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि इस तकनीक के कुछ पहलुओं को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। इसके बावजूद उनका मानना है कि सरकार की ओर से जरूरत से ज्यादा प्रतिबंध लगाए जाने से यह क्षेत्र अपनी पूरी क्षमता हासिल नहीं कर पाएगा।

शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ ऐतिहासिक बैठक को लेकर उत्साहित ट्रंप

ट्रंप की ये टिप्पणियां शेनझेन में APEC शिखर सम्मेलन से इतर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली बहुप्रतीक्षित त्रिपक्षीय बैठक से पहले आई हैं। उच्चस्तरीय बातचीत को लेकर अपनी उम्मीदें जाहिर करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैं एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक को लेकर उत्सुक हूं।" इससे पहले तीनों नेताओं ने सम्मेलन में एक साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची भी उनके साथ शामिल हुए। यह प्रस्तावित बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया भर में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है। क्रेन में रूस का जारी युद्ध और अमेरिका, इजरायल तथा ईरान से जुड़ा संघर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख चिंताओं में शामिल हैं। ऐसे हालात में तीनों नेताओं के बीच अंतरराष्ट्रीय संघर्षों, वैश्विक शांति, कूटनीतिक सहयोग और रणनीतिक स्थिरता पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस बातचीत के जरिए तीनों देश आपसी मतभेदों को दूर करने और सहयोग के संभावित क्षेत्रों की तलाश भी कर सकते हैं। पुतिन इससे पहले प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक को "बेहद उपयोगी" बता चुके हैं। वहीं, चीन ने बातचीत का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि तीनों नेता "विश्व शांति की रक्षा और प्रमुख शक्तियों के बीच संबंधों में रणनीतिक स्थिरता को बढ़ावा देने" जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।